Gyaan Mitra

विद्यापति की शृंगार-कविता: राधा का रूप-सौंदर्य, कृष्ण की व्याकुलता और नायक की मनुहार

महाकवि विद्यापति को मैथिल कोकिल क्यों कहा जाता है? मैथिली के मधुर गीत, पदावली, भक्ति और शृंगार रस, जनभाषा में काव्य योगदान तथा विद्यापति के साहित्यिक इतिहास पर आधारित हिंदी साहित्य पोस्टर।

सबसे पहले यह समझ लो कि विद्यापति को "मैथिल कोकिल" क्यों कहा जाता है। विद्यापति आस्थावान कवि थे। उन्होंने अपनी कविता को राज-दरबारों के घुटन-भरे माहौल से बाहर निकाला और उसे जन-वाणी का शृंगार बना दिया। इसी कारण वे जनकवि सिद्ध हुए। मैथिली भाषा में रचे अपने बेहद मधुर गीतों की वजह से ही उन्हें "कोकिल" यानी कोयल की उपाधि मिली। 

उनके गीत मिथिला के जन-जीवन में, खासकर स्त्रियों के कंठ में, इतने रच-बस गए कि वहाँ का कोई भी संस्कार या अनुष्ठान इन गीतों के बिना पूरा नहीं माना जाता। विद्यापति के गीतों में रूढ़ता, तीव्रता और गेयता है। उनका भाव पक्ष जितना मजबूत है, कला पक्ष भी उतना ही सशक्त है। उनका शिल्प उनकी गहरी अनुभूतियों को सार्थक अभिव्यक्ति देने में पूरी तरह समर्थ है। सच तो यह है कि आदिकालीन कविता विद्यापति जैसे कवियों के कारण ही उत्कृष्ट बन पाई है।

रूप वर्णन: राधा के सौंदर्य की अनूठी कल्पना

महाकवि विद्यापति की पदावली में राधा के रूप वर्णन का चित्रण, राधा के अनुपम सौंदर्य, श्रीकृष्ण के मुग्ध भाव, मैथिली साहित्य, भक्ति रस और शृंगार रस पर आधारित हिंदी साहित्य
देख-देख राधा-रूप अपारा । 
अपरूब के बिहि आनि मिलाओल खिति तल लाबनि- सार । 
अंगहि अंग अनंग मुरछायत हेरए  पड़ए अथीर । 
मनमथ कोटि मथन करू जे जन से हेरि महि मधि गीर।
कत कत लखिमी चरन तल नेओछाए रागिनी हेरी विभोरि ।
करू अभिलाख मनही पद-पंकज अहो निसी कोर अगोरि ।

व्याख्या : अब आते हैं पहले प्रसंग पर, जिसका शीर्षक है "रूप वर्णन"। यहाँ एक सखी दूसरी सखी से कहती है कि राधा का सौंदर्य अपूर्व है, ऐसा लगता है मानो ब्रह्मा ने क्षितिज और पृथ्वी के सबसे सुंदर तत्वों को लेकर इस अनुपम रचना को गढ़ा हो। राधा के हर अंग की शोभा देखकर तो कामदेव भी मूर्च्छित हो जाते हैं। वे हैरान और व्याकुल हो उठते हैं। आगे कवि और बड़ी कल्पना करता है। जिन श्रीकृष्ण का सौंदर्य करोड़ों कामदेवों के सौंदर्य को मथकर बना है, वे भी राधा के अपूर्व सौंदर्य को देखकर व्याकुल हो पृथ्वी के बीच गिर पड़ते हैं। कितनी ही लक्ष्मियों के चरणों का सौंदर्य राधा के चरणों के सौंदर्य पर न्योछावर होकर रह जाता है। विद्यापति कहते हैं कि मेरे मन में यह अभिलाषा उठती है कि मैं इन चरणों को अपनी गोद में रखकर रात-दिन सेवा करूँ, यानी पहरा दूँ।

वंशी माधुरी: कृष्ण की व्याकुल प्रतीक्षा

महाकवि विद्यापति की पदावली में वंशी माधुरी प्रसंग, कदम्ब वृक्ष के नीचे बाँसुरी बजाते श्रीकृष्ण, यमुना तट पर राधा की प्रतीक्षा, सखी द्वारा राधा को कृष्ण का संदेश और मैथिली साहित्य में प्रेम, विरह एवं शृंगार रस का चित्रण।

नन्दक नन्दन कदम्बक तरु तर,
धिरे-धिरे मुरलि बजाब।
समय संकेत निकेतन बइसल, 
बेरि-बेरि बोलि पठाव।।
साभरि, तोहरा लागि अनुखन विकल मुरारि।
जमुनाक तिर उपवन उदवेगल, 
फिरि फिरि ततहि निहारि।
गोरस बेचरा अबइत जाइत, 
जनि-जनि पुछ बनमारि।
तोंहे मतिमान, सुमति मधुसूदन, 
वचन सुनह किछु मोरा।
भनइ विद्यापति सुन बरजौवति, 
बन्दह नन्द किसोरा।।


व्याख्या : अब दूसरा प्रसंग है "वंशी माधुरी"। यहाँ दूती (संदेशवाहिका) राधा से कह रही है कि नंद के पुत्र श्रीकृष्ण कदम्ब के वृक्ष के नीचे धीरे-धीरे बाँसुरी बजा रहे हैं। तय समय पर, पहले से किए गए संकेत के अनुसार वे उस स्थान पर आकर बैठ गए हैं और अपनी बाँसुरी से हे सुंदरी, तुम्हें बार-बार पुकार रहे हैं, यानी आमंत्रित कर रहे हैं।तुम्हारे प्रेम में श्रीकृष्ण इतने व्याकुल हैं कि हर पल तुम्हारी याद उन्हें और ज्यादा बेचैन कर रही है। यमुना किनारे उपवन में वे बार-बार तुम्हारे आने वाले रास्ते की ओर देख रहे हैं। जो भी पथिक उस मार्ग से आता-जाता है, दूध-दही बेचने जाने वाला हर व्यक्ति, उससे वे तुम्हारे बारे में पूछ रहे हैं। हे सुमति, मेरी बात सुनो और मान मत करो। तुम्हारी राह निहारते हुए नंदकिशोर तुम्हारी वंदना कर रहे हैं।

उपसंहार - विद्यापति की कविता का सार यह है कि उन्होंने शृंगार को दरबारी बंधन से निकालकर लोक-जीवन से जोड़ा। इन पदों में सौंदर्य-चित्रण (नख-शिख वर्णन), उपमाओं की नवीनता (चंद्रमुख-चकोर, भँवरा-फूल), विरह और मान की भावना और गेयता चारों बातें मिलती हैं। परीक्षा में लिखते समय इन चार बिंदुओं को ज़रूर रखना।
💬 Comment Share:

Comments